कासगंज। जिला कृषि रक्षा इकाई और एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र आगरा ने विकास खंड में प्रगतिशील किसानों को नाशीजीव प्रबंधन के लिए प्रशिक्षण दिया। किसानों को फसलों में लगने वाले कीटों से बचाव की जानकारी दी। कीटों से बचाव और नाशीजीव प्रबंधन में एनपीएसएस एप की मदद कैसे लें इसके बारे में भी किसानों को प्रशिक्षित किया गया।
जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र ने कहा कि कीटों के प्रभाव से फसलों को खासा नुकसान होता है और पैदावार प्रभावित होती हैं। ऐसे कीटों की पहचान कर समय से उनका समाधान करेंगे तो पैदावार बेहतर होगी। वनस्पति संरक्षण अधिकारी अनुराधा शर्मा ने कहा कि एनपीएसएस (नेशनल पेस्ट सर्विलांस सिस्टिम) एप के माध्यम से किसान कीटों के बारे में जानकारी कर उनका समाधान कर सकते हैं। इस दौरान सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी गजेंद्र कुमार, हेमंत कुमार, तकनीकी सहायक नारायण सिंह ने भी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।