आगरा। रेडिएंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग अब 10 से 13 अगस्त तक जेबी क्रिकेट मैदान में आयोजित की जाएगी। पहले इसका आयोजन तीन अगस्त से प्रस्तावित था। आईपीएल की तर्ज पर होने वाली इस लीग में भारत के 22 राज्यों के अलावा श्रीलंका, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (डीसीसीबीआई) और रेडिएंट स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन सचिव हारून रशीद ने बताया कि प्रतियोगिता में श्रीलंका के चार, नेपाल के छह और यूएई के दो खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। सभी खिलाड़ी और अधिकारी नौ अगस्त तक आगरा पहुंच जाएंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए मैदान और अन्य व्यवस्थाओं के वैकल्पिक इंतजाम भी किए गए हैं। अगले संस्करण में टीमों की संख्या आठ करने की योजना है।