मार्कशीट का सत्यापन, एनओसी या फिर छात्र होने का प्रमाण पत्र। ऐसी तमाम कार्यों के लिए छात्राें को डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में चक्कर नहीं काटने होंगे। इसी सत्र से छात्राें का निजी एकाउंट बन रहा है। इसमें छात्र के शैक्षणिक विवरण के अलावा छात्र की पहचान कराने वाली जानकारियां भी अपलोड की जा रही हैं।
रिजल्ट घोषित होते ही संबंधित कोर्स के छात्र का निजी एकाउंट बनाया जा रहा है। इसमें छात्र की जन्मतिथि, पिता का नाम, पता, कालेज, ईमेल, फोन नंबर, मूल निवास, शारीरिक पहचान जैसे बिंदुआें पर विवरण दर्ज किया जा रहा है। इसके लिए छात्र को निजी पासवर्ड दिया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय की आधिकारिक नई वेबसाइट पर यह जानकारी शो करेंगी। ऐसे में छात्र जॉब या फिर अन्य विश्वविद्यालय में प्रवेश करने के दौरान उसे कागजी सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी। इसी वेबसाइट पर दर्ज जानकारी को ही विश्वविद्यालय की ओर से सत्यापित माना जाएगा। इस कार्य की जिम्मेदारी दिल्ली की निजी कंपनी को सौंपी है। कुलसचिव केएन सिंह ने बताया कि छह लाख से अधिक छात्र हैं, इनका निजी एकाउंट खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।