फिरोजाबाद के संस्कृत माध्यमिक स्कूल नए शैक्षिक सत्र में हाईटेक विधि से लैस दिखेंगे। गूगल पर लोगों को जिले में संचालित संस्कृत स्कूल से जुड़ी सभी सूचना मिलेगी। कवायद सफल हो इसके लिए स्कूलों को वेबपेज तैयार कर स्कूल की उपलब्धियां, फोटोग्राफ्स के साथ शिक्षक व विद्यार्थियों की ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर अपलोड करने को कहा गया है। इतना ही नहीं बोर्ड की वेबसाइट से लिंक होने से विद्यार्थियों को ई-लर्निंग सिस्टम के तहत पाठ्य सामग्री व शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ई-मेल पर मिल सकेंगी।
स्कूलों का होगा वेब पेज
उत्तर प्रदेश संस्कृत माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड के तहत स्वयं को भी हाईटेक करने जा रहा है। संस्कृत स्कूल की स्थापना, तैनात शिक्षक, शैक्षिक पंचाग, पढ़ाए जाने वाले विषय के साथ स्कूल का परीक्षा परिणाम अब तक कागजों में तैयार होता था। ऐसे में जहां विभागीय अफसरों को सूचना मांगनी पड़ती थी। वहीं अन्य लोगों को जानकारी नहीं मिल पाती थी। ऐसे में नए निर्देश से जिले में संचालित तीन संस्कृत माध्यमिक स्कूल का गूगल पर अपना वेब पेज होगा। वेब पेज पर स्कूल से जुड़ी सारी जानकारी फोटोग्राफ्स के साथ अपलोड होंगी।
शुरू हुई तैयारियां
इतना ही नहीं स्कूल में कार्यरत शिक्षक व पंजीकृत विद्यार्थियों की ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर भी अपलोड होगा। शासन का निर्देश मिलने के बाद संस्कृत माध्यमिक स्कूलों की वेबसाइट तैयार करने के साथ बच्चों की ई-मेल आईडी तैयार की जा रही है। वेब वेज तैयार होने के बाद बोर्ड के साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग की वेबसाइट से लिंक रहेगी।
मिलेगी इस बड़ी समस्या से निजात
डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि स्कूलों को गूगल पर अपनी वेबसाइट व वेबपेज तैयार करने का निर्देश दिया गया है। वेबपेज पर विद्यार्थियों व शिक्षकों के ई-मेल बनवाने के साथ स्कूल की उपलब्धियां व फोटो के साथ अपलोड करनी होंगी। वेब पेज पर ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर अपलोड होने के बाद छात्रों को सीधे मेल पर सारी चीजें उपलब्ध कराई जाएंगी तो स्कूल का प्रचार-प्रसार होने के बाद सूचना के लिए कार्यालय से संपर्क करने की समस्या से निजात मिलेगी।