बाह के परिषदीय स्कूलों में मूंगफली की चिक्की मिलने से मुस्कराए बच्चे
बाह। जैतपुर, बाह और पिनाहट ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों में बृहस्पतिवार से बच्चों को पीएम पोषण के तहत मध्यान्ह भोजन में मूंगफली की चिक्की, गुड़-तिल की गजक, बाजरा के लड्डू, भुने चने-रेबड़ी की व्यवस्था शुरू हो गई। इसके लिए सरकार ने प्रति छात्र 5 रुपये का बजट जारी किया है। प्रत्येक छात्र को न्यूनतम 50 ग्राम मात्रा में सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। बाह क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में बृहस्पतिवार को मिड-डे-मील में मूंगफली की चिक्की परोसी गई। चिक्की के स्वाद संग बच्चे मुस्कराए बिना नहीं रह सके। जरार, बाह, मंगदपुर, सुंसार के जूनियर हाईस्कूल एवं चांगोली, हिंगोट खेड़ा, धोबई, किला, खेड़ा देवीदास प्राथमिक विद्यालयों में मूंगफली की चिक्की का वितरण किया गया।खंड शिक्षा अधिकारी बाह अमरनाथ, जैतपुर के शेष बहादुर सरोज, पिनाहट के उमेश गौतम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिस स्कूल में शासन की मंशानुरूप मूंगफली की चिक्की, गुड़-तिल की गजक, बाजरा के लड्डू एवं भुने चने आदि बच्चों में वितरित नहीं किए जाने की शिकायत मिलेगी। वहां के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।