‘आगरा दर्शन’ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा को पंख लगने जा रहे हैं। इस योजना के लिए जमीन की तलाश पूरी हो गई है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और इनरिंग रोड के बीच उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण अपनी पांच एकड़ जमीन देने को तैयार हो गया है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग जल्द ही करार की तैयारी में है। प्रशासन ने भी इस जगह को हरी झंडी दे दी है।
पर्यटन विकास के लिए प्रदेश सरकार प्रदेश के अन्य कई शहरों के साथ आगरा में भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करना चाहती है। ताजनगरी में यह सेवा ‘आगरा दर्शन’ के नाम से शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत हेलीकॉप्टर के माध्यम से ताजमहल, आगरा किला, एत्मादद्दौला, सिकंदरा सहित शिवालयों के भी दर्शन कराए जाएंगे।
बताया गया है कि लगभग 20 मिनट की हवाई यात्रा होगी। हेलीकॉप्टर सेवा प्राइवेट कंपनी के माध्यम से संचालित होगी। इसके लिए पूर्व में ताजमहल के पास भी जमीन देखी गई थी लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते इसे खारिज कर दिया गया। ताज के पीछे महताब बाग और ग्यारह सीढ़ी के बीच में भी स्थित जगह पर मंथन हुआ था।
ये जगह हुई फाइनल
मगर, ताज के प्रतिबंधित दायरे में होने के कारण इस जगह का प्रस्ताव निरस्त करना पड़ा। इसके बाद पर्यटन विभाग ने इनररिंग रोड के पास यूपीडा की जमीन का प्रस्ताव रखा। हेलीकॉप्टर उड़ान के लिए यह जगह उपयुक्त पाई गई है। योजना के लिए लगभग साढ़े तीन एकड़ जमीन की जरूरत होगी। बता दें कि पहले चरण में वृंदावन सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी। पर्यटन विभाग फिलहाल उसी की तैयारी में जुटा है। इसके बाद आगरा में तैयारी शुरू हो जाएगी।
ताज का हवाई सर्वेक्षण होगा रोमांचकारी
पर्यटकों के लिए ताज हमेशा से ही रोमांच का विषय रहा है। ऐसे में आसमान से ताज को निहारना पर्यटकों को और आकर्षित करेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा। मगर, यह हेलीकॉप्टर, ताज के प्रतिबंधित दायरे से बाहर ही उड़ेगा।
उप निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा के लिए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और इनररिंग रोड के बीच में यूपीडा की जमीन फाइनल हो गई है। पहले चरण में धार्मिक स्थलों पर यह सेवा शुरू होनी है। इसके बाद आगरा सहित अन्य पर्यटन शहरों में यह सेवा शुरू होगी। यह सेवा प्राइवेट कंपनी द्वारा संचालित होगी।
एक नजर इधर भी
20 मिनट की होगी हवाई यात्रा
2500 रुपये होगा लगभग किराया
05 एकड़ जमीन देगा यूपीडा
07 लाख विदेशी पर्यटक सालाना आता है शहर में
62 लाख देशी पर्यटक ताजमहल के दीदार को आते हैं