फर्जी शिक्षकों की सेवा समाप्त कर वेतन वसूलने के निर्देश का पालन न करने पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने बीएसए को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। दो दिन में फर्जी शिक्षकों पर अभी तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगी है।
एसटीएफ की जांच में 76 जालसाजों ने फर्जी प्रमाणपत्रों से बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में सहायक अध्यापक की नौकरी प्राप्त कर ली थी। एसटीएफ की फर्जी शिक्षक की रिपोर्ट महानिदेशक स्कूल शिक्षा को भेजी गई थी।
महानिदेशक ने इनकी सेवा समाप्त करने, थाने में एफआईआर दर्ज कराने और अभी तक सरकार से प्राप्त वेतन की वसूली की प्रक्रिया करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, बीएसए ने इन पर कार्रवाई नहीं की। ऐसे में महानिदेशक ने नाराजगी जताते हुए बीएसए को नोटिस भेजा है। इसमें दो दिन में इन फर्जी शिक्षकों पर की गई अभी तक की कार्रवाई के बारे में पूछा है। बीएसए राजीव यादव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है और रिपोर्ट बनाई जा रही है।