अछनेरा। ब्लाॅक में मनरेगा के तहत लाखों रुपये के भ्रष्टाचार की जांच शुरू हो गई है। जिलाधिकारी के आदेश पर मनरेगा डीसी रामायन सिंह यादव ने शुक्रवार को बीडीओ, पंचायत सचिव और अन्य को 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया है।
ब्लॉक के अधिकारी और कर्मचारियों पर कई विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप है। मनरेगा और केंद्रीय वित्त आयोग का कई लाख रुपये के गबन के मामले में ब्लाॅक के ग्राम भड़ीरी, अरुआ खास, ब्यारा के प्रधान और बीडीओ अछनेरा ग्राम पंचायत सचिव की मुसीबत बढ़ गई है। जांच में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने पर डीएम अरबिंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश पर डीसी मनरेगा ने जांच में प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा से मेडबंदी, मिट्टी, चकमार्ग, इंटरलाकिंग, पंचायत भवन निर्माण,खडंजा निर्माण समेत कई कार्यों में अनियमितता के संबंध में नोटिस जारी किया है।
डीसी रामायन सिंह यादव ने बताया कि बीडीओ, पंचायत सचिव, प्रधान को नोटिस जारी किया गया है। इसमें सभी को 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देना है। जांच कराई जा रही है, किसी भी स्तर पर कोई भ्रष्टाचार मिला तो आगे की कार्यवाही की जाएंगी। संवाद