आगरा में खरीदे गए कारतूसों का हिसाब न देने वाले 900 शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसएसपी इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनकी ओर से डीएम एनजी रवि कुमार को जो लिस्ट भेजी गई थी, उस पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
अभी तक 500 लाइसेंसधारकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनसे पूछा गया है कि क्रय किए गए कारतूस कहां खर्च किए? इनका जवाब संतोषजनक नहीं रहा या फिर उन्होंने नोटिस का उत्तर नहीं दिया, तो लाइसेंस निलंबित किए जाने हैं।
चुनाव के दौरान एसएसपी ने सभी थाना क्षेत्रों में कारतूसों का सत्यापन कराया था। 40 थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने यह सत्यापन किया। सभी थानों से 20 से 25 की रिपोर्ट आई। इस तरह कुल 900 रिपोर्ट आई। इनमें 71 हजार से ज्यादा कारतूस मिसिंग पाए गए। लोगों के पास क्रय किए गए कारतूसों के मुकाबले बहुत कम कारतूस हैं? खोखे भी उतने नहीं है, जितने कारतूस मिसिंग हैं।