कासगंज। जिले में शौचालय निर्माण में लगातार लापरवाही सामने आ रही है। लक्ष्य को पूरा करने की अंतिम तिथि निकलने के 20 दिन बाद भी तीन ग्राम पंचायतों में शौचायल निर्माण शुरू नहीं हो सके हैं। इस लापरवाही के लिए ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं प्रधानों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अमांपुर विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहटा का सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत में 104 व्यक्तिगत शौचालय तथा 1 सामुदायिक शौचालय का निर्माण होना है, लेकिन अभी तक यह निर्माण शुरू नहीं हुए हैं। ग्राम पंचायत रसुलुआ सुलहपुर में बनने वाले 67 व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय का निर्माण अभी तक शुरू नही किया गया है।
इसी तक भृगवासिनी में बनने वाले 97 व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण अभी तक शुरू नहीं मिला। सामुदायकि शौचालय के निर्माण के लिए बनाय गया सेफ्टी टैंक मानक के विपरीत मिला। सहायक विकास अधिकारी ने तीनों ग्राम पंचायतों में मिली लापरवाही की निरीक्षण आख्या जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंप दी। इसके आधार पर तीनों ग्राम पंचायतों के सचिवों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।
शौचालय का निर्माण 15 मई तक पूरा किया जाना था, लेकिन तीनों ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण शुरू नहीं किए गए हैं। सामुदायकि शौचालय के निर्माण के संबंध में भी लापरवाही सामने आई है। इन पंचायतों के प्रधानों व सचिवों को नोटिस देकर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। - सहनाज अंसारी, जिला पंचायत राज अधिकारी