मैनपुरी। छात्रा की समस्या का निराकरण नहीं करने की शिकायत पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव सिविल जज अमित मिश्रा ने कॉलेज प्रबंधक को नोटिस जारी किया है। शिकायत का निस्तारण करने के लिए 21 दिसंबर की तारीख तय कर दी गई है।
थाना कोतवाली के भोजपुरा निवासी अनुपमा उपाध्याय ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत की। शिकायत में कहा कि उसने 2019-20 में कुंवर आरसी कन्या इंटर कॉलेज से इंटर की परीक्षा पास की। उसने 2020-21 में कुंवर आरसी कन्या महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया। लॉकडाउन के चलते बिना परीक्षा के सभी छात्राओं को प्रोन्नत कर दिया गया। द्वितीय वर्ष में जब उसने प्रवेश के लिए प्रयास किया तो उसको प्रवेश नहीं मिला।
जानकारी करने पर कॉलेज प्रबंधन ने किसी दूसरे कॉलेज में प्रवेश होने की बात कही। उसका किसी भी कॉलेज में प्रवेश नहीं है। उसके दोनों सत्र बर्बाद हो गए हैं। विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव सिविल जज अमित मिश्रा ने कॉलेज के प्रबंधक को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा है कि अगर कॉलेज प्रबंधन समय से जवाब नहीं देता है तो विधिक कार्रवाई के लिए मामला राज्य तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण में भेज दिया जाएगा। मामले की सुनवाई के लिए 21 दिसंबर की तारीख तय कर दी गई है।