विनियमित क्षेत्र कार्यालय द्वारा की जा रही कार्रवाई लगातार चल रही है। शुक्रवार को 42 भवन स्वामियों को कार्यालय बुलाकर उन्हें नोटिस प्राप्त कराए गए। ये वे लोग हैं, जिन्होंने प्रथम नोटिस के बाद अपने भवन के अभिलेख जमा कर दिए थे। अब अभिलेखों के आधार पर उन्हें अंतिम नोटिस जारी किया गया है। अंतिम सुनवाई का भी उन्हें मौका दिया गया है।
डूब क्षेत्र में हुए अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए हुए निर्माण पर विनियित क्षेत्र कार्यालय द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत अब तक चार सौ से अधिक नोटिस जारी किए जा चुकी हैं। वहीं डेढ़ सौ के करीब लोगों की व्यक्तिगत सुनवाई भी की जा चुकी है। व्यक्तिगत सुनवाई के बाद भवन स्वामियों को मूल अभिलेख देने के आदेश दिए गए थे। इसमें से 42 भवन स्वामियों ने अपने मूल अभिलेख कार्यालय को उपलब्ध करा दिए हैं।
इसके बाद शुक्रवार को कार्यालय विनियिमत क्षेत्र से अभिलेखों के आधार पर दोबारा इन 42 लोगों को अंतिम नोटिस जारी किया गया। सभी लोगों को नोटिस कार्यालय बुलाकर ही प्राप्त कराया गया। उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए एक बार और मौका दिया गया है। वहीं अन्य लोगों को भी तत्काल अपने अभिलेख जमा कराने के लिए कहा गया है।
24 मार्च को रखेंगे अपना लिखित पक्ष
दोबारा जारी किए गए 42 नोटिस पर भवन स्वामी अपना लिखित पक्ष 24 मार्च को उप जिलाधिकारी न्यायालय में रखेंगे। इस बार उन्हें सब बताना होगा कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने निर्माण कार्य किया। जमीन उन्होंने खरीदी या उनकी पैतृक थी, अनुमति क्यों नहीं ली गई आदि। इन सभी बिंदुुओं के जवाब के आधार पर ही कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
जिन लोगों ने अपने अभिलेख उपलब्ध करा दिए थे उन्हें अभिलेखों के अनुसार दोबारा नोटिस जारी किया गया है। शुक्रवार को कार्यालय आए कुल 42 लोगों को नोटिस प्राप्त करा दिया है। अब ये लोग निर्धारित तिथि पर अपना पक्ष रखेंगे।
-एसके प्रजापति, अवर अभियंता कार्यालय विनियमित क्षेत्र।