उत्तर विधानसभा उपचुनाव में चुनावी खर्च का ब्योरा न देने पर कांग्रेस सहित तीन प्रत्याशियों को नोटिस दिया गया है। अब तक चुनावी खर्च में गठबंधन प्रत्याशी सूरज शर्मा सबसे आगे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी मंजू शर्मा खर्च के मामले में सबसे पीछे हैं।
उत्तर विधानसभा उपचुनाव में 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी को चुनावी खर्च का हिसाब देने के लिए निर्देशित कर दिया गया था। पहला ब्योरा छह मई को देना था। इसमें नौ प्रत्याशी ने अपने खर्च का हिसाब-किताब लेखा टीम को दे दिया है। मगर, कांग्रेस प्रत्याशी रणवीर शर्मा, वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राशिद अली चौधरी और निर्दलीय प्रत्याशी इदरीश ने कोई हिसाब-किताब नहीं दिया।
मंगलवार तक इंतजार किया गया। लेकिन, न तो प्रत्याशी और न ही इनका कोई प्रतिनिधि खर्च का रजिस्टर का लेकर लेखा टीम के पास पहुंचा। इस पर मंगलवार को इन्हें नोटिस जारी कर दिया गया।
वहीं, लेखा टीम को प्रस्तुत कराए गए हिसाब-किताब के अनुसार, गठबंधन प्रत्याशी सूरज शर्मा ने अब तक 3,97,465 रुपये खर्च किए हैं। चुनावी खर्च के मामले में भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल दूसरे नंबर पर हैं। वह अब तक 1,45,376 रुपये खर्च कर चुके हैं।
आदर्श समाज पार्टी के प्रत्याशी रोहित ने 31,795 रुपये, निर्दलीय प्रत्याशी अनिल कुमार कुशवाह ने 21,398 रुपये, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दिलीप कुमार बघेल ने 20,559 रुपये, निर्दलीय प्रत्याशी धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने 17,104 रुपये, निर्दलीय प्रत्याशी लक्ष्मी मित्तल स्वरूप ने 15,685 रुपये, निर्दलीय प्रत्याशी रामबृज यादव ने 11,000 रुपये और निर्दलीय प्रत्याशी मंजू शर्मा ने 10,000 रुपये खर्च का हिसाब-किताब दिया है।
मुख्य कोषाधिकारी बृज बिहारी कुशवाह ने बताया कि तीन प्रत्याशियों को चुनावी खर्च का ब्योरा न प्रस्तुत करने पर नोटिस दिया गया है। जवाब न देने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।