कासगंज। मदरसों में पढ़ने वाले गैर मुस्लिम बच्चों का दाखिला अब परिषदीय स्कूलों में होगा। शासन से जिले के चार गैर मान्यता के चल रहे मदरसों की सूची अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को उपलब्ध कराई गई है। सूची में इन मदरसों के 293 बच्चों को शामिल किया गया है। इस आदेश के बाद खलबली मची हुई है।जिले में 84 मदरसे संचालित हो रहे हैं, जिसमें बिना मान्यता के संचालित हो रहे मदरसा अरविया अनवारुल अवरार हिदायत नगर में 78, मदरसा अशरफिया रौजतुल उलम में 86, मदरसा दारुल उलूम गुलशने जहरा गनेशपुर गंजडुंडवारा में 70, मदरसा फैजान अजमत औलिया सुन्नी जामा मस्जिद सहावर में 59 बच्चे शिक्षारत हैं। इनमें से गैर मुस्लिम समुदाय के बच्चों को अब नजदीक के परिषदीय स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाएगा। गैर मुस्लिम बच्चों को चिन्हित कर उनका प्रवेश कराने के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। इस समिति में एसडीएम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शामिल किया गया है।