मैनपुरी। शासन द्वारा नामित कोविड-19 नोडल अधिकारी उस वक्त नाराज हो गए जब पल्स ऑक्सीमीटर में खराबी की चलते उसमें गलत रीडिंग प्रदर्शित हुई। उन्होंने तत्काल उपकरण को सही कराने व सभी उपकरणों की नियमित जांच के आदेश दिए। वे नगला सभा में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।
प्राथमिक विद्यालय नगला सभा में नोडल अधिकारी ने ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवाद किया। इसी दौरान उन्होंने निगरानी समिति के पास उपलब्ध पल्स ऑक्सीमीटर को चेक करने के लिए कहा। इस पर सीएमओ डॉ. एके पांडेय का ऑक्सीजन लेवल चेक किया गया तो वह मानक से कम मिला। अन्य कुछ लोगों पर चेक करने पर भी ऑक्सीजन लेवल कम मिला। बाद में पता चला कि पल्स ऑक्सीमीटर की खामी से ऐसा हो रहा था। इस पर नोडल अधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने लापरवाही में सुधार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचेला पहुंचकर टीकाकरण कार्य का भी नोडल अधिकारी ने निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कुचेला डॉ. पपेंद्र कुमार को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ क्षेत्र में भी स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रहें। 45 वर्ष से ऊपर एवं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का पंजीकरण कराकर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया, उप जिलाधिकारी सदर ऋषिराज, डीपीआरओ स्वामीदीन आदि मौजूद रहे।