मैनपुरी। होली आते ही जिले में गैस की किल्लत बढ़ गई है। अचानक गैस की मांग बढ़ने और आपूर्ति कम होने के कारण गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी लाइन लगी दिखाई दे रही हैैं। रविवार को जिले की सभी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई।
होली पर हर घर में गैस की जरूरत होती है। ऐसे में गैस की आपूर्ति कम हुई तो लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई। जिले की भारत गैस एजेंसियों पर चार से सात दिन में आपूर्ति हो रही है तो वहीं एचपी गैस एजेंसी पर लोगों को आठ से 10 दिन बाद गैस की आपूर्ति हो पा रही है। हाल ये है कि हजारों की संख्या में कम सिलिंडर की मासिक आपूर्ति की जा रही है।
इसके चलते लोग सारे काम छोड़कर गैस लेने के लिए पहुंच रहे हैं। गैस प्राप्त की पर्ची प्राप्त करने के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। रविवार को गैस एजेंसियों पर लोग परेशान रहे। पूरे दिन सैकड़ों की संख्या में लोग लाइन में लगे रहे। कुछ लोगों को तो सिलिंडर मिल गया है, लेकिन कुछ लोगों का केवल मायूसी हाथ लगी।
लोगों की बात
पांच दिन पहले बुकिंग कराई थी। आज गैस देने की बात कही थी। सुबह से लाइन में लगी हुई हूं ताकि होली पर गैस के चलते दिक्कत न हो।
विट्टन देवी निवासी राजीव गांधी नगर
सात दिन पहले गैस की बुकिंग कराई थी। घर पर गैस नहीं है। आज गैस मिलने की उम्मीद है। काफी देर से लाइन में लगी हुई हूं।
आशा देवी निवासी बाईपास रोड
आठ दिन पहले गैस बुक कराई थी। आज गैस मिलने की बात कही गई है। सुबह से पौन घंटे से लाइन में लगी हुई हूं।
कमलेश कुमारी निवासी रामलीला मैदान सात दिन पहले गैस की बुकिंग कराई थी। रविवार को गैस देने की बात कही थी। सुबह से ही लाइन में लगी हुई हूं।
उर्मिला देवी निवासी नई मंडी
गैस एजेंसी का नाम मासिक खपत आपूर्ति कटौती
चंद्रा भारत गैस 25000 सिलिंडर 15000 10000
अमर शहीद प्रवीन भारत गैस 18000 सिलिंडर 10000 8000
अमर शहीद सत्यदेव भारत गैस 15000 सिलिंडर 7500 7500
अशोक वर्मा एजेंसी भारत गैस 8500 सिलिंडर 2000 6500
मैनपुरी गैस सर्विस एचपी गैस 40000 सिलिंडर 20000 20000
होली पर मांग बढ़ गई है जिसके चलते कुछ दिक्कतें आ रही हैं। इसके बाद भी सभी एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि आपूर्ति के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
यूआर खान जिलापूर्ति अधिकारी