17एमएनपी-46- प्लेटफार्म विहीन टिंडौली रेलवे स्टेशन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले के तीन रेलवे स्टेशनों पर आज तक प्लेटफार्म नहीं बन सके हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय यात्री घायल भी होते रहते हैं।
करीब सात वर्ष पहले फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद रेल ट्रैक को उच्चीकृत किया गया था। निर्माण कार्य के चलते ऊगरपुर, मैनपुरी कचहरी और टिंडौली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्षतिग्रस्त हो गए थे। सात साल का लंबा समय बीतने के बाद भी रेलवे इन स्टेशनों पर नए प्लेटफार्म का निर्माण नहीं करा सका है। इन रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफार्म न होने के कारण आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई बार लोग रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड और जिला प्रशासन को ज्ञापन दे चुुके हैं, लेकिन प्लेटफार्म का निर्माण आज तक नहीं हुआ।
टिंडौली स्टेशन पर इस महीने 10 यात्री हुए घायल
रेलवे स्टेशन टिंडौली पर फरवरी में अब तक 10 यात्री ट्रेन से उतरने और चढने के दौरान घायल हुए। यात्रियों ने इस संबंध में स्टेशन मास्टर को जानकारी भी दी, लेकिन स्टेशन मास्टर ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया।
रेलवे प्लेटफार्म को लेकर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है। धनराशि आवंटित होने के बाद ही प्लेटफार्म का निर्माण हो सकेगा।
एचएस मीना, स्टेशन अधीक्षक