डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में सोमवार से छात्रों को बिना परिचय पत्र के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। खंदारी परिसर स्थित अतिथि गृह में शुक्रवार को हुई प्रॉक्टोरियल बोर्ड के बैठक में यह निर्णय लिया गया। चीफ प्रॉक्टर ने सभी निदेशकों और विभागाध्यक्षों को पत्र लिखा है कि वह तत्काल छात्रों को अस्थायी परिचय पत्र जारी कर दें।
विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान (आईईटी) के निदेशक ने 10 मार्च को कुलसचिव को पत्र लिखकर बताया था कि संस्थान की छात्राओं को बाहरी तत्व परेशान कर रहे हैं। इस बारे में पुलिस को भी सूचित किया गया। शुक्रवार को चीफ प्रॉक्टर प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक बुलाई। इसमें निर्णय लिया गया कि बोर्ड के दो-दो सदस्य शिफ्टों में परिसर का निरीक्षण करेंगे। बाहरी छात्रों का परिसर में प्रवेश रोकेंगे।
चीफ प्रॉक्टर ने न्यू आगरा थानाध्यक्ष, एसपी सिटी और एसएसपी को पत्र लिखकर अवांछनीय तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और छात्राओं की सुरक्षा की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि संस्थान की छात्राएं शास्त्री नगर, मऊ रोड, आजाद नगर व आसपास के क्षेत्रों में रहती हैं।
कुछ मनचले युवक उन्हें परेशान करते हैं, मोटर साइकिल से पीछा करते हैं और बात करने की कोशिश करते हैं। इससे छात्राएं डरी हुई हैं। शुक्रवार को एलआईयू ने भी संस्थान में पूछताछ की। बैठक में डॉ. रजनीश अग्निहोत्री, डॉ. मनोज राठौर आदि शामिल रहे।