एनएच-2 पर रामबाग और वाटर वर्क्स के बीच यमुना पर स्थित जवाहर पुल जर्जर अवस्था में तो पहले ही था लेकिन अब यह इतना क्षतिग्रस्त हो गया है कि इस पर भारी वाहन चलने से इसके टूट जाने का खतरा है। इस आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक फरवरी से इस पुल पर भारी एवं हल्के वाणिज्यिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। वैकल्पिक व्यवस्था हो जाने तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा। इसके चलते ट्रैफिक पुलिस डायवर्जन प्लान बनाने में लग गई है।
जिन वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा, उनमें बस, ट्रक, हल्के वाणिज्यिक वाहन जैसे कैंटर, टैंकर और लोडर टेंपो शामिल हैं। इन वाहनों के लिए प्राधिकरण ने वैकल्पिक मार्ग बताया है। यह है बजरंग पेट्रोल पंप से एत्माद्दौला, हाथी गेट, यमुना पुल होते हुए वाटर वर्क्स चौराहा। लेकिन इसमें समस्या यह है कि जिला प्रशासन ने दो दिन पहले ही इस रूट पर सुबह आठ से रात आठ बजे तक के लिए भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। प्राधिकरण के परियोजना निदेशक ने बताया कि पुल क्षतिग्रस्त होने के चलते यह प्रतिबंध लगाया गया है।
बसों के लिए परेशानी कम
जिला प्रशासन ने यमुना रोड पर भारी वाहनों की जो नो एंट्री जारी की है, उसमें बसों को छूट है। इसके चलते जवाहर पुल बंद होने से बसों का आवागमन वैकल्पिक मार्ग से होता रहेगा। अन्य भारी और वाणिज्यिक वाहन सुबह आठ से रात आठ बजे के दौरान इस रूट पर प्रतिबंधित रहेंगे।
आज जारी होगा नया डायवर्जन प्लान
जवाहर पुल से हजारों की संख्या में भारी और वाणिज्यिक वाहन गुजरते हैं। इनके लिए पुल बंद कर दिए जाने से ट्रैफिक पुलिस आज डायवर्जन प्लान जारी करेगी। इस प्लान पर रविवार को भी काम किया गया।
एत्माद्दौला और यमुना किनारा रोड पर भारी वाहनों की नो एंट्री लागू होते ही ट्रैफिक जाम छूमंतर हो गया। रविवार को पर्यटकों की ज्यादा भीड़ होने के बावजूद सुबह से शाम तक ट्रैफिक बड़े आराम से चलता रहा। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही बैरियर लगाकर भारी वाहनों को रोकते रहे। यह व्यवस्था रविवार से ही लागू की गई थी।
अन्य दिनों के मुकाबले शनिवार और रविवार को पर्यटक ज्यादा (लगभग 50 हजार) आते हैं। इसके चलते दिन भर जाम रहता है। नए प्लान में भारी वाहनों की पूरे दिन नो एंट्री रखी गई। इससे पहले दो घंटे के लिए ही नो एंट्री रखी जाती थी। नतीजतन दिन में कई बार जाम लगता था। एत्माद्दौला और यमुना किनारा रोड पर वाहन फंसते, तो हाईवे पर जाम का असर दिखाई देता।
नई व्यवस्था में शाहदरा स्थित बजरंग पेट्रोल पंप से नुनिहाई होते हुए एत्माद्दौला स्मारक की तरफ जाने वाले मार्ग पर कोई भी ट्रक और ट्रैक्टर ट्राली को नहीं जाने दिया जा रहा है। रामबाग से भी भारी वाहन अंबेडकर पुल की ओर नहीं जाने दिए गए। इसके अलावा वाटर वर्क्स से यमुना किनारा रोड पर भी भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
लेकिन रेत की ट्रॉलियां नहीं रोकीं
ट्रैफिक पुलिस ने ट्रकों, कैंटरों और ट्रैक्टर ट्रॉलियों को नो एंट्री जोन में जाने से रोकने के लिए बैरियर लगाए, लेकिन रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियों को नहीं रोका गया। हालांकि इनकी संख्या कम होने के चलते ट्रैफिक पर असर नहीं पड़ा।