मैनपुरी। जिले में लगातार निमोनिया और अस्थमा के मरीज बढ़ रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल पहुचें सात माह के मासूम ने निमोनिया से पीड़ित होने पर दम तोड़ दिया। मंगलवार को अस्पताल में अस्थमा और निमोनिया से पीड़ित 14 मरीजों को भर्ती कराया गया।
मंगलवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। निमोनिया और अस्थमा से पीड़ित 14 मरीज भर्ती कराए गए। 115 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। शहर के करहल रोड निवासी बंटू का सात माह का पुत्र लल्ला पिछले कुछ दिनों से निमोनिया से पीड़ित था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। मंगलवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉ. पीके दुबे ने बताया कि बालक को मृत अवस्था में लाया गया था। परिजनों के अनुसार वह निमोनिया से पीड़ित था। बाल रोग विशेषज्ञ सीएमएस डॉ. आरके सागर का कहना है कि सर्दी के मौसम में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखा जाए।
अस्थमा से पीड़ित महिला की मौत
मैनपुरी। शहर के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी प्रमोद कुमार की 65 वर्षीय पत्नी आशालता पिछले कुछ दिनों से अस्थमा से पीड़ित थीं। सोमवार की रात परिजन गंभीर हालत में उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।