आगरा। कौशलपुर में शनिवार रात रात्रिकालीन सफाई कर्मचारियों के साथ कोचिंग आए छात्रों ने मारपीट कर दी। गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने मारपीट करने वालों के खिलाफ थाना न्यू आगरा में तहरीर देकर गिरफ्तारी की मांग और हड़ताल की धमकी दी है।
मामला हरीपर्वत जोन के नगलापदी वार्ड का है। कौशलपुर में जयराम मार्बल के पास रात्रिकालीन सफाई कर्मचारी सुनील निवासी बल्केश्वर सफाई कार्य कर रहे थे, तभी कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले छात्रों का विवाद सुनील से हो गया। कर्मचारी का आरोप है कि छात्रों ने उसके साथ मारपीट की। मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उनको बचाया और कर्मचारियों की संख्या बढ़ते देख मारपीट करने वाले छात्र भाग गए।
इसकी सूचना पर उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद इलाहाबादी थाना न्यू आगरा पहुंचे। तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की। विनोद इलाहाबादी ने बताया कि सभी कर्मचारियों में आक्रोश है और कार्रवाई न होने पर कर्मचारी रविवार से हरीपर्वत जोन की सफाई व्यवस्था ठप कर देने की चेतावनी दे रहे हैं। इस दौरान राजेश चौधरी, लखन चौहान, करन क्रांति, अजय वाल्मीकि आदि सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।