कासगंज। जाड़े की रातों में चोरों की सक्रियता बढ़ गई हैं। रविवार की रात चोरों ने अलग-अलग तीन स्थानों पर हाथ साफ कर दिया। एक मोबाइल की दुकान का गैस कटर से शटर काट लिया जबकि बैंक कर्मी के मकान एवं एक खोखा का ताला तोड़कर चोरी की गई।
मोहम्मद आरिफ की किसरौली रोड पर मोबाइल की दुकान है। उसकी दुकान का शटर चोरों ने गैस कटर से काट लिया। इसमें रखे विभिन्न कंपनियों के मोबाइल चोरी कर ले गए। मामले की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के द्वारा मुआयना किया गया। चोर गैस कटर का सिलिंडर मौके पर छोड़ गए। आरिफ ने बताया कि चोर लगभग दस लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर ले गए हैं।
बैंक कर्मी सपना मित्तल निवासी सोरो रोड अपने चाचा के यहां सोरों के बदरिया गए हए थे। वह रात को वहीं रुक गए। चोरों ने मकान को खाली पाकर उसके गेट का ताला तोड़ लिया और नकदी व सामान चोरी कर ले गए। जब लोगों ने मकान खुला देखा तो इसकी जानकारी उन्हें फोन पर दी। उन्होंने बताया कि चोर उनके मकान से एक एलईडी टीवी, 15000 रुपये की नकदी, एक घड़ी एवं बच्चे के चांदी के कड़े, कीमती कपड़े और एक स्कूटर चोरी कर ले गए हैं।
हलवाई रतन सिंह निवासी नगला कोठी का अमांपु
र रोड पर लोहे का खोखा है। इसमें वह हलवाई की दुकान चलाता है। रविवार की रात चोरों ने खोखा का ताला तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चोर दो टीन घी, चीनी व मैदा की बोरी के अलावा बर्तन आदि ले गए। यह सामान लगभग 30000 रुपये का है। सभी मामलों की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस सभी मामलों की जांच पड़ताल कर रही है।
जनवरी में हुईं चोरी की घटनाएं-
- 5 जनवरी को अमांपुर में जनरल स्टोर की दुकान में हुई थी चोरी
- 13 जनवरी को सोरों के होडलपुर में तीन खोखा में हुई चोरी
- 14 जनवरी को गोरहा पर एक सराफा की दुकान व दो मकानों में हुई चोरी
वर्जन:
चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने अपने इलाकों में गश्त बढ़ाएं। जिससे चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण लगाया जा सके। पिछले समय में हुई चोरी की घटनाओं को वर्कआउट करने के निर्देश दिए हैं। - मनोज सोनकर, पुलिस अधीक्षक।
कासगंज में मोबाइल की दुकान का गैस कटर से काटा गया शटर।- फोटो : KASGANJ
कासगंज में मोबाइल की दुकान जिससे मोबाइल चोरी कर ले गए चोर।- फोटो : KASGANJ