बाह। वन विभाग ने एक से सात जुलाई (वन महोत्सव) की अवधि में जन्मे नवजात शिशुओं को ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट के साथ एक पौधा भेंट किए जाने की पहल शुरू की है। बुधवार को जैतपुर सीएचसी पर फतेहपुरा की नीता और पूजा शर्मा ने बेटी को तथा उदयपुर खुर्द की शिखा ने बेटे को जन्म दिया। वन विभाग की टीम ने स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर नवजात शिशुओं को ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट एवं उनके परिजन को एक-एक पौधा भेंट किया। रेंजर कोमल सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य नवजात के जीवन को खुशहाल बनाने के साथ हरियाली बढ़ाने, परिवार को पौध लगाने व संरक्षित करने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान धर्मेंद्र कुमार, यतेंद्र सिंह, तरुण सिंह, अनूप कुमार, अजय कुमार ललित, कमल सिंह, गोविंद सिंह आदि रहे।
वन महोत्सव: मां के नाम रोपे पौधे, किया जागरूक
बाह। वन महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को वन विभाग ने नौगवां वन ब्लॉक में एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। क्षेत्रीय वनाधिकारी कोमल सिंह के नेतृत्व में लोगों को अपनी मां की स्मृति में पौधा लगाने और उनकी देखभाल की शपथ दिलाई। बाह रेंज में भी रेंजर अमित कुमार के नेतृत्व में वन महोत्सव में दूसरे दिन भी पौधरोपण कर जन सामान्य को हरियाली विस्तार के लिए जागरूक किया गया।