गांव बिछिया विक्रमपुर में खेत से होकर गुजर रही एक महिला बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ठिठक गई। आवाज आने वाली दिशा में जाकर देखा तो वहां एक नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। महिला ने बच्चे को गोद में उठा लिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के गांव बिछिया विक्रमपुर में बुधवार को गांव निवासी सरबेटी मंगलवार की शाम को अपने खेत की ओर जा रहीं थीं। तभी गांव निवासी राजवीर के खेत से बच्चे के रोने की आवाज सुन कर महिला रुक गई। आवाज की दिशा में कुछ दूर चलने के बाद महिला ने देखा कि एक नवजात बच्ची कपडे़ में लिपटी पड़ी रो रही थी। महिला ने तुरंत ही बच्ची को गोद में उठा लिया और घर ले गई। खेत में नवजात बच्ची मिलने की खबर मिलने के बाद वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बुधवार को बच्ची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराई गई। इस बीच सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बच्ची का उपचार अब पुलिस की मौजूदगी के बीच जिला अस्पतला में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची को बाल कल्याण समिति की सुपुदर्गी में दिया गया है।