मैनपुरी। कुरावली क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए हादसे के बाद हाईवे पर जाम लगने से महिला का रोडवेज बस में ही प्रसव हो गया। समय से इलाज न मिलने के कारण नवजात की मौत हो गई। प्रसूता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार देर शाम जीटी रोड पर एटा-मैनपुरी के बॉर्डर के पास हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई थी। हादसे की वजह से यहां जाम की स्थिति बन गई थी। करीब पौन घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस बीच वाहनों की कतार लग गई। यहां जाम में दिल्ली से आ रही रोडवेज बस भी फंस गई। बस में मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी शोभा देवी अपने देवर के साथ यात्रा कर रही थीं। उन्हें बस में ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
लेकिन बस जाम मे फंसे होने के कारण चालक उसे अस्पताल नहीं ले जा सका। महिला का बस में ही प्रसव हो गया। जाम खुलते ही चालक आनन फानन बस को सीएचसी कुरावली लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। महिला को भर्ती करके इलाज किया गया। महिला ने बताया कि महिला का प्रसव बस में हुआ, उस समय बच्चे की सांस चल रही थी। समय से इलाज न मिलने के कारण बच्ची की मौत हुई है।
बस में प्रसव की जानकारी मिलते ही अस्पताल की टीम एंबुलेंस के साथ गेट पर पहुंच गई थी। जच्चा और बच्चा को अस्पताल में लाया गया। बच्चा की प्रसव के दौरान ही मौत हो चुकी थी।
डॉ. मुनींद्र सिंह चौहान, चिकित्साधीक्षक कुरावली