आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में सोमवार को चिकित्सकों की गुंडागर्दी फिर सामने आई। नवजात को एनआईसीयू की सुविधा न बताकर भर्ती से मना कर दिया। पिता ने विरोध किया तो उनको पीट दिया। मोबाइल भी छीन लिया। पुलिस ने मामला शांत कराते हुए मोबाइल वापस कराया। परिजन नवजात को जयपुर ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
मथुरा के बल्देव निवासी बृजेश सिंह की पत्नी देवेंद्री का प्रसव सिकंदरा स्थित प्राइवेट अस्पताल में हुआ। चिकित्सक ने नवजात के हृदय संबंधी बीमारी बताते हुए एसएन इमरजेंसी के लिए भेज दिया। दोपहर एक बजे बृजेश अपने शिशु को लेकर इमरजेंसी पहुंचे।
यहां स्टाफ ने एनआइसीयू की सुविधा न होने की बात कहते हुए कही और ले जाने को कहा। नवजात के पिता ने गिड़गिड़ाते हुए हालत खराब होने का हवाला देते हुए कहा कि कहीं और ले जाने की व्यवस्था करते हैं, तब तक भर्ती कर लो।