मैनपुरी। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में एक महिला सहित तीन कोरोना संक्रमित मिले हैं। सीएमओ के आदेश पर तीनों को होम आइसोलेट किया गया है। पूरे एक माह बाद एक साथ तीन कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या नौ पहुंच गई है।
सोमवार की रात प्राप्त हुई जांच रिपोर्ट के बाद सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने तीनों को होम आइसोलेट कराते हुए उनका उपचार शुरू करा दिया है। सीएमओ ने तीनों की यात्रा हिस्ट्री का पता लगाने के साथ ही सही उनके तक होम आइसोलेट रखने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने बताया कि चिंता की कोई बात नहीं है जो तीन नए संक्रमित मिले हैं। उनमें फिलहाल कोई खतरनाक लक्षण नहीं हैं। तीनों को होम आइसोलेट किया गया है। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या इसी के साथ नौ पहुंच गई है।
बूस्टर डोज लगवाने में ना करें लापरवाही
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने कहा है कि कोरोना से पूरी तरह से बचाव के लिए कोरोना के सभी टीके लगवाना जरूरी है। जिले में कोरोना टीकाकरण निशुल्क किया जा रहा है। जिन लोगों ने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लिया है, वे किसी भी कार्य दिवस में जिला अस्पताल या किसी भी सीएचसी पर पहुंचकर टीकाकरण करा सकते हैं।
घबराने की कोई जरूरत नहीं है। कोरोना के लक्षण दिखने पर जांच अवश्य कराएं। तीन नए संक्रमित मिले हैं तीनों को होम आइसोलेट किया गया है। जिन लोगों ने टीकाकरण नहीं कराया है वे कोरोना के तीनों डोज अवश्य ले लें।
- डॉ. पीपी सिंह, सीएमओ