मृतक का फाइल फोटो और मौके पर जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
थाना जसराना के गांव पचवा में उस समय हड़कंप मच गया जब सगे भतीजे ने ताऊ की जमीन के लिए कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद पहुंची पुलिस ने जहां आरोपी की तलाश में दबिश दी वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
थाना जसराना के गांव पचवा निवासी राजबहादुर (80) पारिवारिक भतीजे मुकेश के घर में सो रहे थे। तभी उनका सगा भतीजा रामू पुत्र छोटे सिंह आया और कुल्हाड़ी से कई बार हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। घर में मौजूद मुकेश ने रामू को रोकने का प्रयास किया तो उसको धक्का देकर भाग गया। हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
ट्रेन-एयरपोर्ट शुरू तो ताजमहल भी खोलिए, मेयर ने केंद्र सरकार से की मांग
गांव में हत्या की सूचना पर एसपी देहात राजेश कुमार, सीओ बलदेव सिंह खनेडा, कोतवाल गिरीश मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों एवं परिजनों से पूछताछ की।
मृतक राजबहादुर शादी न होने पर परिवार के ही भतीजे मुकेश के पास रहते थे। राजबहादुर के पास 16 बीघा जमीन है। राजबहादुर ने मुकेश के पुत्र दीपक के नाम पर पांच बीघा जमीन कुछ महीने पूर्व कर दी थी। वहीं सोमवार को दो बीघा जमीन का बैनामा भी दीपक के नाम पर किया था।
इसी बात को लेकर हत्यारोपी रामू उनसे रंजिश मानने लगा था। वो जमीन को अपने एवं अपने भाईयों के नाम कराना चाहता था। सोमवार को तहसील में रामू और उसके भाई भूरे के साथ राजबहादुर का विवाद भी हुआ था। विवाद में राजबहादुर ने बची नौ बीघा जमीन को अपने सगे भतीजों के नाम करने की बात कही थी, लेकिन रामू पूरी जमीन को अपने एवं अपने भाइयों के नाम कराना चाहता था। रामू की भी शादी नहीं हुई है।
राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे थे मृतक
ग्रामीणों में नेताजी के नाम से प्रसिद्घ राजबहादुर राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे थे। 1991 में कारसेवा के दौरान अयोध्या गए थे। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंदिर के पक्ष में फैसला देने पर वो काफी प्रसन्न थे।
खेतों में तलाशा गया आलाकत्ल, नहीं मिला आरोपी
कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या करने के बाद आरोपी आलाकत्ल को लेकर फरार हो गया। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खेतों में आरोपी के साथ आलाकत्ल को तलाशने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने बताया कि मक्का के खेतों की तरफ गया है। मक्का की फसल काफी बड़ी होने के कारण कोई उसमें जाने की हिम्मत नहीं कर सका। वहीं पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर में भी सघन तलाशी अभियान चलाने के साथ ही महिलाओं से पूछताछ की।
शीघ्र पकड़ा जाएगा आरोपी
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि दूसरे के नाम पर जमीन करने पर सगे भतीजे ने वृद्ध की हत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।