आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में विवाद होने पर पड़ोसी युवक ने खेल रहे 11 वर्षीय बालक को छत से धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे हाथरस रोड के जेके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने नौ दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की है। इस्लाम नगर, टेढ़ी बगिया निवासी साहिल खान ने पुलिस को बताया कि 25 सितंबर की दोपहर उनका 11 वर्षीय बेटा फरहान खान घर की छत पर खेल रहा था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक अयान भी छत पर आ गया। किसी बात पर उसका फरहान से विवाद हुआ। अयान ने जान से मारने की नीयत से फरहान को धक्का दे दिया। वह छत से नीचे गिरकर घायल हो गया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पिता से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच कराई जा रही है।