निर्माणाधीन नालों का निरीक्षण करने के लिए बुधवार को निकले नगर आयुक्त को काम की रफ्तार धीमी मिली। कई जगह घटिया निर्माण मिला। ठेकेदार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर आयुक्त ने नाले निर्माण में देरी पर कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की भी चेतावनी दी है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बोदला से सेंट जोंस चौराहे तक साइड पटरी का काम देखा। यहां निर्माण कार्य में मानकों का पालन न करने पर नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था दीप कंस्ट्रक्शन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। शास्त्रीपुरम अक्रूर चौक के पास साइड पटरी और नाला मरम्मत में खामियां मिलीं। ठेकेदार जेपी यादव पर जुर्माना लगाने के निर्देश अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार को दिए। जयपुर हाउस में माधव भवन से लेकर रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज तक निर्मार्णाधीन नाले का काम धीमा मिला। इस पर चेतावनी दी कि 10 दिन में काम पूरा नहीं किया तो फर्म को ब्लैेक लिस्ट कर दिया जाएगा। पश्चिमपुरी में अवंतीबाई चौराहे तक नाले का काम पूरा न करने पर अक्षत कंस्ट्रक्शन को दस दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सुपरवाइजर को किया निलंबित
नगर आयुक्त ने अग्रसेन भवन, कोठी मीना बाजार के पास गंदगी मिलने पर सुपरवाइजर मजीद को निलंबित करने के निर्देश दिए। सहायक प्रभारी उद्यान विपिन यादव से कहा कि डिवाइडर पर हरियाली करें और वेस्ट टू वंडर के तहत बनी आकृतियों को लगाएं। शास्त्रीपुरम में पश्चिमपुरी चौराहे से ठेल धकेल हटाने और साइड पटरी पर लगाई दुकानें हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सहायक अभियंता पवन कुमार मौजूद रहे।