कासगंज में लापता कानूनगो की तलाश करती एनडीआरएफ।
कासगंज। फतेहगढ़ से लगभग आठ माह पहले लापता हुए कासगंज निवासी कानूनगो की तलाश में गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम पहुंची। टीम के सदस्यों ने लोकेशन के आधार पर रेलवे पटरी के मध्य बह रहे नाले में तलाशी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।पीली कोठी बिलराम गेट निवासी मनोज कुमार माहेश्वरी फतेहगढ़ की तहसील में कानूनगो के पद पर तैनात थे। वह प्रतिदिन फतेहगढ़ जाकर ड्यूटी करते थे। 18 अगस्त 2024 की शाम को वह ड्यूटी कर घर आने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। काफी तलाश के बाद भी जब जानकारी नहीं मिली तो उनकी पत्नी संगीता माहेश्वरी ने 21 अगस्त 2024 को फतेहगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने उनके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया तो मोबाइल की लोकेशन कासगंज रेलवे स्टेशन के समीप रेल पटरी के बीच से होकर बह रहे नाले के आसपास बताई। मंगलवार को उनकी तलाश के लिए गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम कासगंज में पहुंची। टीम ने रेलवे के मध्य बने नाले में कानूनगो की तलाश की, लेकिन कोई अता पता नहीं चला। पहले भी नगर पालिका की टीम द्वारा नाले में तलाश की गई थी, उस वक्त भी नाले में कुछ नहीं मिला। एनडीआरएफ टीम में उपनिरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि तलाश की जा रही है। अभी सफलता नहीं मिली है।