कासगंज। कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए हुए लॉक डाउन से नवरात्रि पर्व भी अछूता नहीं बचा है। भक्तों ने अपने नवरात्र के उपवास को जैसे तैसे पूरे कर लिया। अब उनके सामने सबसे बड़ी चिंता कन्या पूजन की है।
नवरात्र में दुर्गाष्टमी एवं रामनवमी पर्व का विशेष महत्व है। जिन घरों में दुर्गाष्टमी का पूजन होता है वे माता की पूजा करने के साथ कन्या व लांगुर को भोज कराते है, जिन परिवारों में रामनवमी पूजन होता है वे इस दिन कन्या व लांगुर का पूजन कर भोज कराते हैं। कोरोना के चलते हुए लॉक डाउन का असर कन्या पूजन पर भी पड़ेगा।
लॉक डाउन की वजह से लोग न तो स्वयं ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और न हीं बच्चों को ही घरों से बाहर निकलने दे रहे हैं। ऐसे में वे भक्त जिन्होंने अपने नवरात्रि पर्व पर उपवास रखे हैं वे काफी चिंतित हैं।
माता कालरात्रि की हुई पूजा
कासगंज। नवरात्रि पर्व के सातवें दिन भक्तों ने माता कालरात्रि की पूजा अर्चना की। घरों पर ही रहकर भक्तों ने माता को स्मरण कर पूजा अर्चना की। भक्तों ने माता से कोरोना वायरस से देश मुक्ति दिलाने की कामना की।
जरूरत मंद को कर दें दान
नवरात्रि पर्व पर कन्या पूजन में यदि किसी भक्त को समस्या आ रही है तो वह जरूरत मंद को खाद्य सामग्री आदि दान कर सकता है। इस संकट की घड़ी में जरूरत मंद को किए गए दान का भी पुण्य प्राप्त होगा -राधा कृष्ण दीक्षित, ज्योतिशाचार्य