फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रा की मौत का मामला: दो घंटे तक आईजी ने नवोदय विद्यालय में की पूछताछ, खंगाली केस फाइल

Mon, 02 Dec 2019 09:15 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैनपुरी
विज्ञापन
नवोदय विद्यालय पहुंचे आईजी मोहित अग्रवाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नवोदय छात्रा की मौत के मामले में जांच करने मैनपुरी पहुंचे आईजी कानपुर रेंज ने सोमवार को दो घंटे नवोदय विद्यालय में बिताए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से लेकर शिक्षकों तक से पूछताछ की। साथ ही भवन का भी निरीक्ष किया। उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

 
शासन द्वारा छात्रा की मौत के प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। एसआईटी प्रभारी के रूप में आईजी कानपुर रेंज मोहित अग्रवाल मैनपुरी पहुंचे। अफसरों से पूछताछ के बाद वे भोगांव स्थित घटनास्थल जवाहर नवोदय विद्यालय में ढाई बजे पहुंचे। उन्होंने पहले घटनास्थल के बाद हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर और मैस में भी निरीक्षण किया। 

इसके बाद पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ जो काफी लंबा चला। सबसे पहले आईजी ने मृतक छात्रा के साथ रहने वालीं दस छात्राओं से छात्रा के व्यवहार, शैक्षिक स्तर से लेकर रहन सहन के बारे में प्रत्येक छोटी-बड़ी जानकारी हासिल की। उन्होंने सभी छात्राओं से आखिरी बार मृतका को देखने के बारे में भी जानकारी जुटाई। 
विज्ञापन


छात्राओं से पूछताछ के बाद विद्यालय में तैनात शिक्षक व शिक्षिकाओं से उन्होंने जानकारी हासिल की। हालांकि इस पूरी पूछताछ को उन्होंने गोपनीय ही रखा। करीब एक घंटे तक बंद कमरे में शिक्षकों तक पूछताछ से एक बात तो साफ है कि उन्होंने शिक्षकों से हर पहलू पर जानकार ली।  

आईजी ने कई बार देखा परिसर 

आईजी मोहित अग्रवाल - फोटो : अमर उजाला
नवोदय विद्यालय में निरीक्षण और पूछताछ करने के बाद भी आईजी कानपुर संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने कई बार भवन के चारों ओर घूमकर विद्यालय में आने जाने के रास्ते व आसपास के माहौल का जायजा लिया। इस दौरान सीओ एसटीएफ श्यामकांत व एएसपी ओमप्रकाश और क्षेत्राधिकारी भोगांव प्रयांक जैन भी साथ रहे। 

मूविंग कैमरे लगाने के दिए निर्देश 

विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी करने पर आईजी को बताया कि विद्यालय परिसर में कुल 24 कैमरे लगे हैं। उन्होंने कैमरों की लोकेशन देखने के बाद कैमरों की संख्या को कम बताया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा के लिए कैमरों की संख्या बढ़ाने के साथ ही मूविंग कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। वहीं एसएसपी ओमप्रकाश सिंह को परिसर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। 

थाने में भी खंगाली फाइलें 

जवाहर नवोदय विद्यालय में निरीक्षण के बाद आईजी मोहित अग्रवाल थाना भोगांव पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रा की मौत की एफआईआर के साथ ही अब तक की गई जांच के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने केस की फाइल मंगाकर उसका बारीकी से अवलोकन किया। आधे घंटे तक फाइल में अभिलेखों की जांच करने के बाद वे वापस मैनपुरी आ गए। 

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
नवोदय में छात्रा की मौत के मामले में कब क्या हुआ
-16 सितंबर की तड़के नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में बने पूजा घर में कक्षा 11 की छात्रा का शव मिला। पुलिस और प्रशासन ने आत्महत्या माना, लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की। 

-17 सितंबर को पिता ने भोगांव थाने में प्रधानाचार्य, वार्ड और एक नामजद व एक अज्ञात छात्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही दुष्कर्म की भी संभावना जताई। शहर में लोगों ने कैंडल मार्च निकाला, वहीं नवोदय विद्यालय में छात्रों ने प्रधानाचार्य और पीटी शिक्षिका के घर पर पथराव किया। 

-18 सितंबर को छात्रा की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच के लिए लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। इस बीच जगह-जगह छात्रा को श्रद्धांजलि दी गई। 
 

-19 सितंबर को प्रधानाचार्य सुषमा सागर को निलंबित किया गया। वहीं कैंडल मार्च का सिलसिला जारी रहा। 

-20 सितंबर को प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव छात्रा के परिजनों से मिले। परिजनों की सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया। इस बीच सीबीआई जांच न होने पर परिजनों ने 23 सितंबर से भूख हड़ताल की चेतावनी दी। 

-23 सितंबर को सीबीआई जांच की मांग को लेकर माता-पिता नगर पालिका के शहीद पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे। वहीं डीएम पीके उपाध्याय ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया। वहीं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता धरने पर बैठे। 
 

-24 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रा की मौत के मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी। वहीं भूख हड़ताल पर बैठे छात्रा के माता-पिता इससे संतुष्ट नहीं हुए और सीबीआई जांच की मांग पर अड़े रहे। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर सिंह यादव ने परिजनों से मुलाकात करने के साथ ही स्थानीय नेताओं के साथ कलक्ट्रेट में धरना दिया। 

-24 सितंबर को जिला प्रशासन की संस्तुति पर शासन ने सीबीआई जांच की सिफारिश की। रात करीब 12 बजे डीएम पीके उपाध्याय और एसपी अजय शंकर राय शहीद पार्क पहुंचे और मां-बाप का अनशन खत्म कराया। वहीं आरोपी छात्र के समर्थन में परिजनों के साथ ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया। प्रधानाचार्य के समर्थन में डॉ. आंबेडकर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीएम से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की। 

-25 सितंबर को एसटीएफ टीम मैनपुरी पहुंची और छात्रा की मौत के मामले की जांच अपने हाथों में ली। एएसपी, विवेचक से मुलाकात करने के साथ ही टीम ने नवोदय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ की। 
 
विज्ञापन

 -19 नवंबर को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने छात्रा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग का समर्थन किया। 

-28 नवंबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि घटना को दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक न आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही जांच और अन्य कार्रवाई। 

-30 नवंबर को सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने पूरे मामले में गृहमंत्री अमित शाह से वार्ता की और सीबीआई जांच की सिफारिश की।

-01 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने एसपी अजय शंकर राय को हटा दिया है। जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। वहीं सीबीआई जांच के लिए डीओपीटी को भेजे गए पत्र का रिमाइंडर भेजा है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें