फिरोजाबाद में होली पर कांच इकाइयों में रही करीब एक सप्ताह की कामबंदी का असर नेचुरल गैस की दरों पर दिखा। कारखानों में ईंधन के रूप में फुंकने वाली नेचुरल गैस के दामों में करीब 2.92 रुपये प्रति घनमीटर की कमी हुई है। गेल ने मार्च माह के प्रथम पखवाड़ा में 41.31 रुपये प्रति घनमीटर के हिसाब से गैस बिल जारी किये हैं। वहीं कांच उद्यमियों ने गैस बिल का विवरण नहीं देने की शिकायत भी गेल अफसरों को भेजी है।
गेल इंडिया की ओर से कांच व चूड़ी कारखानों को मार्च माह के प्रथम पखवाड़ा के गैस बिल शुक्रवार को जारी कर दिए। गेल द्वारा जारी बिल के अनुुसार गैस की दर 41.31 रुपये प्रति घनमीटर निर्धारित की है। जो कि गत माह फरवरी के द्वितीय पखवाड़ा के गैस बिल 44.22 रुपये प्रति घनमीटर से करीब 2.92 रुपये प्रति घनमीटर कम है। हालांकि कांच और चूड़ी उद्यमियों के अनुसार होली पर्व पर कारखानों में रही कामबंदी के कारण गैस की खपत का अनुपात कम होने के कारण गैस की दरों में कमी आई है।
वहीं कांच व चूड़ी उद्यमियों का कहना है कि गेल इंडिया द्वारा पूर्व की भांति इस बार भी गैस बिल निर्धारण का विवरण नहीं दिया गया है। इस आशय की मांग कई माह से लगातार की जा रही है। गत माह भी कांच उद्योग से जुड़े औद्योगिक संगठनों ने एक पत्र गेल इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी विपणन को भेजा गया है।