जिनके पास सत्ता की पावर होती है उन्हीं का आत्मसम्मान सुरक्षित रहता है। उन्हीं को अवसर मिलता है। हम अपने लोगों में सत्ता की भूख जगाने आए हैं। जो 15 साल से ठंडी पड़ी है। ये बातें रविवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहीं। वह सूरसदन में बहुजन प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में असपा सबसे बड़ा दल बनकर उभरेगी। ब्लॉक, गांव व बूथ स्तर तक 70% संगठन तैयार हो चुका है। भाईचारा कमेटियां बनाकर इसे और मजबूत किया जा रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पार्टी अपने दम पर लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि जिनकी कथनी और करनी में फर्क है, जनता उन्हें सत्ता में नहीं आने देगी। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा कि सेना का सम्मान करता हूं। सेना के शहीद और आम नागरिक जो उस हमले में मारे गए उन्हें एक-एक करोड़ रुपये सरकार से मिलने चाहिए।
अपनी जाति दिखाने के लिए मारी लात
दहली गेट स्थित सरकार नर्सिंग होम प्रकरण में आजाद समाज पार्टी कार्यकर्ताओं से पुलिस की मारपीट पर चंद्रशेखर ने कहा कि उस अधिकारी ने अपनी जाति दिखाने के लिए हमारे कार्यकर्ता को लात मारी। सत्ता आने पर इसका जवाब दिया जाएगा। सम्मेलन में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होने का आह्वान हुआ। प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़, जिलाध्यक्ष सौरभ दयाल, सानू मोहम्मद, अमजद कुरेशी, अनिल कर्दम, मनोज कुमार, संतोष आनंद, लाखन सिंह आदि मौजूद रहे।