आगरा। प्रतिभाशाली कलाकार शैली चावला न सिर्फ कला जगत में अपनी अलग पहचान रखती हैं, बल्कि बड़ी उम्र में भी वह नई चुनौतियों को अपनाने का साहस रखती हैं। 50 साल की उम्र में वह शुक्रवार से शुरू हो रही नेशनल आइसस्टॉक चैंपियनशिप में अपना दमखम दिखाएंगी।
सेंट एंथनी जूनियर कॉलेज और सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज से स्कूलिंग पूरी करने के बाद उन्होंने दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट से स्नातक किया। शैली चावला हाथ से पेंट की गई डिजाइनर साड़ियों और परिधानों के अपने सफल व्यवसाय के लिए जानी जाती हैं। कपड़ों पर रंगों की कहानियां उकेरना ही उनका जुनून है।
इन्हीं रंगों के बीच उनकी जिंदगी में एक नया रंग तब शामिल हुआ जब उनकी मित्र किरण कश्यप ने उन्हें आइसस्टॉक खेल से परिचित कराया। 50 वर्ष की उम्र में नया खेल सीखना आसान नहीं होता, लेकिन शैली ने हिम्मत और जिज्ञासा दोनों को साथ लेकर कदम बढ़ाया। पहली बार घबराहट हुई लेकिन उन्होंने खेल की लय पकड़ ली। शैली चावला का कहना है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, अगर मन में चाह हो तो किसी भी उम्र में नई शुरुआत की जा सकती है।