शहर में शातिरों ने पीएम नरेंद्र मोदी और अभिनेता अमिताभ बच्चन के नाम पर 50 हजार की ठगी की। मोबाइल सिम पर 25 लाख का इनाम निकलने का झांसा देकर दोनों सुप्रसिद्ध हस्तियों के फोटो और एक पत्र पीड़ित युवक को ई-मेल के जरिए भेजा, पत्र में दोनों ने मुबारकबाद दी है। शातिर ने कहा, यह स्कीम पीएम मोदी की अनुमति से चल रही है। पहले टैक्स देना होगा। युवक को विश्वास हो गया और उसने शातिरों के खाते में तीन बार में रुपये जमा करा दिए। इनाम की रकम न मिलने पर उसने एसएसपी से शिकायत की है। अब मामला साइबर सेल में है। बावजूद शातिरों के फोन आना बंद नहीं हुए हैं।
भीम नगर, जगदीशपुरा निवासी संजीव जूता फैक्ट्री में कर्मचारी हैं। संजीव के मुताबिक, चार फरवरी को मोबाइल पर एक कॉल आई। खुद को मोबाइल कंपनी का प्रतिनिधि बताया। कहा कि आपके सिम कनेक्शन पर इनाम निकला है। रकम चेक के जरिये खाते में मिलेगी, इसलिए 10 हजार रुपये बैंक चार्ज देना होगा। एक एकाउंट भी नंबर बताया। संजीव ने रुपये खाते में जमा करा दिए। फिर से कॉल कर एक मेल आईडी देते हुए उस पर फोटो और खाता संख्या भेजने के लिए कहा। संजीव का बैंक एकाउंट नहीं है। उसने अपनी एक रिश्तेदार का खाता नंबर और फोटो परिचित की ई-मेल आईडी से भेजा। कुछ देर बाद फिर फोन आया कि अब अपने मेल से प्रमाण पत्र डाउनलोड कर लें। पत्र में केवीसी लिखा हुआ था। पीएम नरेंद्र मोदी और अमिताभ बच्चन का फोटो भी छपा है। शातिरों ने फिर से अन्य कर के नाम पर 25 हजार और 15 हजार रुपये की रकम खातों में डलवा ली। मगर, संजीव के बताए खाते में रकम नहीं पहुंची।
12 अंकों का है मोबाइल नंबर
जिस नंबर से संजीव को कॉल किया गया वह 12 अंकों का है। उसके अलावा दो अलग नंबरों से कॉल आई थी। जिनके खातों में रकम डलवाई उनमें से एक दरभंगा बिहार के मोहन झा, दूसरा रामसूरत और तीसरा चंदनपुर का है।
कर्ज लेकर जुटाई थी रकम
संजीव किराए के मकान में रहता है। उसका एक बेटा है। इनाम पाने के लिए उसने कर्ज लेकर रकम जुटाई थी। अब उसे समझ नहीं आ रहा है कि कर्ज कैसे चुकाएगा। शातिरों ने कहीं का नहीं छोड़ा है। अब 50 हजार की मांग और की जा रही है।