मैनपुरी। स्कूलों और कॉलेजों में यू डाइस पर परमानेंट अकाउंट नंबर (पैन) और ऑटोमेटिक परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (अपार) फीडिंग के लिए शिक्षा विभाग ने कॉलेज संचालकों को अंतिम मौका दिया है। अभिभावकों और प्रधानाचार्यों को आधार और स्कूल में दर्ज नाम में भिन्नता को दूर करने के लिए गाइड लाइन जारी कर दी गई है। नाम संशोधन के लिए विकल्प खोल दिया गया है। 20 जनवरी तक संशोधन का अवसर दिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा यू डाइस पर छात्र-छात्राओं का पैन जारी करने के साथ ही अपार आईडी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्र-छात्राओं के आधार और स्कूल में दर्ज रिकार्ड में भिन्नता होने के कारण बड़ी संख्या यू डाइस पर छात्र-छात्राओं को पैन जारी नहीं हो सका है वहीं अपार आईडी भी नहीं बनाई जा सकी है। अभिभावक आए दिन इसके लिए डीआईओएस कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि शासन की ओर से यू डाइस फीडिंग के लिए अंतिम मौका दिया गया है। इसके लिए जरूरी गाइड लाइन भी जारी कर दी गई है।
कमियों को दूर करने के लिए इन बातों पर दें ध्यान
यदि किसी छात्र के नाम या कक्षा में कोई त्रुटि है तो कक्षा एक से आठ तक के संशोधन के लिए खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय पर प्रधानाचार्य जरूरी अभिलेखों के साथ संशोधन कराएं। नाम संशोधन के लिए विद्यालय लाॅगिन पर विकल्प सक्रिय कर दिया गया है। 9 से 12 में किसी प्रकार के संशोधन के लिए प्रधानाचार्य निर्धारित फार्म भरकर आधार, टीसी और विद्यालय के जरूरी अभिलेखों के साथ 20 जनवरी तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संशोधन कराएं। अभिभावक को किसी प्रकार से कार्यालय न भेजा जाए।
10 जनवरी तक आधार जमा करें अभिभावक
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी अभिभावकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने पाल्य के पैन नंबर और अपार आईडी के लिए संबंधित विद्यालय में 10 जनवरी तक अपना आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र जमा कर दें। किसी छात्र-छात्रा का आधार नहीं है तो अभिभावक संबंधित क्षेत्र के खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर आधार बनवाएं।