दक्षिण से 33 प्रत्याशी! ...तो लगानी होंगी 3-3 ईवीएम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 166 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल कर प्रशासन की मुश्किल बढ़ा दी है। नामांकनों के हिसाब से छह विधानसभा क्षेत्रों में से एक पर तीन और पांच पर दो इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) लगाने की नौबत बनती दिख रही है। सबसे ज्यादा दक्षिण विधानसभा सीट पर 33 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है।
17 जनवरी से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को खत्म हो गई। इस बीच सभी सीटों पर 166 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। दक्षिण सीट पर 33 प्रत्याशियों के नामांकन के चलते यहां तीन ईवीएम लगानी पड़ेंगी। क्योंकि एक ईवीएम में 16 बटन होते हैं। इसमें से 15 प्रत्याशियों के और एक नोटा (नन ऑफ द अबव) का होता है। ऐसे में इससे ज्यादा प्रत्याशी चुनावी मैदान में होने पर ईवीएम की संख्या बढ़ानी पड़ जाती है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा उत्तर सीट पर प्रत्याशी मैदान में थे। यहां 21 प्रत्याशी होने की वजह से दो ईवीएम लगानी पड़ी थीं। ऐसी स्थिति छावनी और फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट पर भी बनी थी। बता दें कि पिछली बार कुल 168 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इसमें से 33 पर्चे खारिज हो गए थे। तब भी ऐसी स्थिति बनी थी। इस बार पिछली बार से दो कम पर्चेे भरे गए हैं। ऐसे में यदि पर्चे खारिज न होते हैं तो छह विधानसभा क्षेत्रों में एक से अधिक ईवीएम लगानी पड़ सकती हैं।
इनसेट
विधान सभा क्षेत्र नामांकन-2012 चुनाव लड़ा -2012 इस बार नामांकन
एत्मादपुर 22 15 22
छावनी 16 16 17
दक्षिण 24 15 33
उत्तर 26 21 25
ग्रामीण 14 11 13
फतेहाबाद 15 12 12
बाह 14 13 17
खेरागढ़ 18 13 16
फतेहपुर सीकरी 19 19 11
कुल 168 135 166