आगरा के खंदौली क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय युवती शनिवार की रात से लापता है। युवती के परिजन ने दूसरे समुदाय के युवक पर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने युवक के घरवालों पर बरामदगी का दबाव बनाया, तो आरोपी के परिजन भी घर में ताला लगाकर फरार हो गए। मामले में युवक और उसके पिता सहित छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
थानाध्यक्ष खंदौली आनंदवीर सिंह ने बताया कि युवती शनिवार की रात करीब नौ बजे शौच के लिए खेत की ओर गई थी, तभी से लापता है। देर तक घर नहीं आने पर परिजन खोजबीन में जुटे। आशंका होने पर पूछताछ करने गांव के रशीद के घर पहुंचे। युवती के घरवालों के मुताबिक युवक के घरवालों ने माना कि रशीद ही युवती को ले गया था। रविवार को उसे ढूंढकर ले आना का भरोसा दिलाया था।
आरोप है कि युवती को तलाशने के बजाय आरोपी युवक के परिजन भी घर में ताला लगाकर फरार हो गए। मामले में युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक रशीद, उसके पिता समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसओ ने बताया कि युवती और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।