कासगंज। सोरों के ग्राम परमोरा में रंजिशन घर में घुस कर जानलेवा हमला कर दंपती को घायल कर आभूषण लूट लिए। आरोपी ने जमानत पर रिहा होते ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
सोरों कोतवाली के ग्राम परमोरा निवासी अमर सिंह ने अपने साथी करनसिंह के साथ मिलकर बीती 6 अप्रैल को नंदराम के साथ मारपीट करते हुए उसका कान काट कर अलग कर दिया था। इसकी प्राथमिकी नंदराम ने थाना सोरों में दर्ज कराई थी। इसमें अमरसिंह को जेल जाना पड़ा। आरोप है कि अमर सिंह सेशन कोर्ट के आदेश से जमानत पर 1 मई को जेल से रिहा होकर आया था और आते ही मुकदमा में राजीनामा का दबाव बनाया।
जब समझौते की बात नहीं बनी तो अमर सिंह अपने भाई हरिप्रसाद को साथ लेकर नंदराम के घर में घुस आया और घर में सो रहे नंदराम के भाई मुनेश व उसकी पत्नी नेमवती को लाठी व ईंट से प्रहार कर घायल कर दिया। इसके साथ ही आरोपी नेमवती से चैन व अंगूठी भी छीन ले गए। सोरों कोतवाली पुलिस ने घटना में घायल हुए मुनेश व उसकी पत्नी नेमवती का चिकित्सीय परीक्षण कराया लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।