अछनेरा। थाना अछनेरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब गोबरा और भंडीरी गांव के बीच एफएस ब्रांच नहर के किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह जब स्थानीय किसान अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर नहर किनारे झाड़ियों में फंसे एक महिला के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने अछनेरा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला की पहचान और उम्र के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है, ताकि मृतका की शिनाख्त की जा सके। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य संकलित किए हैं। मामले में एसीपी अछनेरा, शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शव करीब 5 से 6 दिन पुराना लग रहा है। पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव काफी फूल चुका है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि शव पानी के तेज बहाव के साथ किसी दूसरे स्थान से बहकर यहां आया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।