औंछा। थाना क्षेत्र के गांव पड़रिया में रविवार की शाम झोंपड़ी के बाहर लेटे युवक को नामजद लोगों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। वारदात के पीछे जमीन की रंजिश बताई गई है। छह लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रविवार की शाम गांव पड़रिया निवासी नंदकिशोर अपने भाई 19 वर्षीय अमन और पुष्पेंद्र के साथ खेत में पानी लगाने गया था। परिजनों के अनुसार पानी लगाने के दौरान बिजली चली गई तो अमन झोंपड़ी के बाहर पड़ी चारपाई पर लेट गया। तभी रंजिश मान रहे गांव निवासी सुरेश चंद्र, सोपाली उर्फ गोपाली, कुलदीप, जितेंद्र, श्यामसुंदर व उनका एटा निवासी एक रिश्तेदार वहां असलहा लेकर आ गया। आते ही इन लोगों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया।
एक गोली अमन के पैर में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग जब घटनास्थल की ओर दौड़े तो हमलावर वहां से भाग गए। आनन-फानन में परिवारीजनों ने अमन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।