घिरोर (मैनपुरी)। घरेलू बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश में नामजद लोगों ने एक किसान को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। इससे किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई ने परिवार के ही लोगों पर हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी 45 वर्षीय अमर पाल सिंह का परिवार के ही लोगों से घरेलू बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि दूसरा पक्ष रंजिश मानने लगा था। सोमवार की सुबह अमर पाल का शव बंबा पुलिया के पास पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद मृतक परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के भाई सत्यप्रकाश ने आरोप लगाया कि पारिवारिक बंटवारा को लेकर परिवार के ही सुखवीर, धर्मेंद्र, प्रवीन और भूपेंद्र ने भाई की ट्रैक्टर से टक्कर मार कर हत्या कर दी। भाई रविवार की शाम करीब आठ बजे घिरोर किसी काम से जाने की बात कह कर निकले थे। सोमवार की सुबह जब उसके भाई शेर सिंह व अशोक कुमार खेत पर जा रहे थे। तभी नामजद लोग बदहवास ट्रैक्टर लेकर भागते दिखे। उनसे कहा कि तेरे भाई को मार दिया है। इतना कहने के बाद आरोपी वहां से भाग गए थे। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
तहरीर के आधार पर हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रहीं हैं। शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पहलवान सिंह, प्रभारी निरीक्षक