किशनी (मैनपुरी)। गांव खिदरपुर में खेत की रखवाली करने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक स्रह्य परिजनों ने मंदिर में रह रहे तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ ही नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव खिदरपुर निवासी 18 वर्षीय कौशेलेंद्र शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे खेत पर फसल की रखवाली करने गया था। शनिवार की सुबह जब ग्रामीण खेत की तरफ गए तो कौशलेंद्र का अर्धनग्र शव गांव निवासी रघुवीर के पानी लगे खेत में पड़ा देख परिजनों को सूचना दी। शव मिट्टी से सना हुआ था। उधर सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर आ गई। छानबीन के दौरान पुलिस को मौके से एक कपड़े का बैग, एक कारतूस, आधार कार्ड और फोन भी मिला। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मंदिर में रह रहे इटावा के गांव नगला बल सिंह निवासी साधु राम पुत्र रामेश्वर दयाल व उसके दोनों पुत्र संजय व कल्लू को हिरासत में ले लिया। कुछ देर बाद एसपी अजय कुमार पांडेय, सीओ प्रयांक जैन, प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेई के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक को जल्द खुलासे को लेकर निर्देशित किया।
डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम ने की जांच
मृतक कौशलेंद्र के शव के पास पुलिस को कई वस्तुएं मिलीं। मौके पर डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक की टीम ने जांच की। खोजी श्वान ने काफी देर तक खेत में इधर उधर सुरागकशी की। वहीं फोरेंसिक टीम की ओर से घटनास्थल पर मिली चीजों से फिंगर प्रिंट लिए। मृतक के गले पर नाखून के निशान भी नजर आ रहे हैं। पुलिस मान रही है कि मरने से पूर्व किन्हीं लोगों से संघर्ष भी हुआ होगा। वहीं परिजनों का कहना है कि मृतक शराब नहीं पीता था तो वहां खाली क्वार्टर निश्चित तौर पर हत्या करने वाले लोगों का होगा। वहां पहले शराब पी गई उसके बाद कौशलेंद्र की हत्या की गई। पुलिस सभी तथ्यों पर गंभीरता से जांच कर रही है।
पाइप चोरी को लेकर हुआ था विवाद
मृतक परिजनों के अनुसार करीब तीन माह पूर्व पाइप चोरी हो गया था। इस मामले में नामजद लोगों पर शक जताया गया था। पुलिस ने जांच की थी, इसी बात की रंजिश नामजद लोग मान रहे थे। इसी वजह से हत्या की गई है।
शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इसके आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
अजय कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक।