24एमएनपी-11-कुरावली के गांव नगला हरियाणा में विवाहिता की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। थाना कुरावली के गांव नगला हरियाणा में महिला का शव उसके घर में मिला। ससुराल के लोग शव को घर में छोड़कर भाग गए। मायके वालों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
थाना कुरावली के गांव नगला हरियाणा निवासी सचिन कुमार की शादी एक साल पहले लवी (20) पुत्री मूलचंद्र निवासी हरिकमलपुर थाना मोहम्मदाबाद जिला फर्रुखाबाद के साथ हुई थी। जानकारी के अनुसार शादी के बाद से ही लवी बीमार चल रही थी। सचिन की शादी कराने वाले नगला हरियाणा के ही एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार की शाम लवी के पिता को सूचना दी। लवी का शव उसके मकान में रखा हुआ है। ससुराल के लोग शव को छोड़कर भाग गए हैं। मूलचंद्र रात में ही अपने परिवार के लोगों के साथ नगला हरियाणा पहुंच गए। मकान में लवी का शव पड़ा था। मूलचंद्र ने लवी की मौत की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। मूलचंद्र ने लवी की दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर लवी की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
कुरावली। लवी की मौत के बाद उसके पिता मूलचंद्र ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार लवी का प्रेम विवाह 2017 में हुआ था। शादी के बाद उसके कोई बच्चा नहीं हुआ। बाद में दहेज की मांग को लेकर ससुराल के लोगों ने उसकी हत्या कर दी। पति सचिन, सास धनश्री, ससुर रनवीर, जेठ लोकेश, देवर तथा ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दहेज हत्या में नामित किए गए ननद की उम्र 12 वर्ष और देवर की उम्र 14 है। वहीं देवरानी और जेठानी को आरोपी नहीं बनाया गया है। दोनों ही लवी की सगी मौसेरी बहिनें हैं।