21एमएनपी-12-मृतका फुलवासा देवी का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
भोगांव (मैनपुरी)। गांव अपूरपुर निवासी वृद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला के पास से 35 हजार की नकदी भी नहीं मिली। इससे संभावना जताई जा रही है कि लूट के चलते चलते महिला की हत्या की गई है। वह नौ जनवरी से लापता थी। शव सोमवार देर शाम रजबहा में शॉल के अंदर बंधा हुआ मिला। हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है।
गांव अपूरपुर निवासी कनौजी लाल कस्बा स्थित शांति गार्डन में चौकीदार का काम करते हैं। कनौजीलाल के अनुसार नौ जनवरी की सुबह उन्होंने पत्नी फुलवासा (55) को 35 हजार रुपये एक सराफ व्यापारी पर गिरवी रखे गए जेवर छुड़ाने के लिए दिए थे। शाम करीब छह बजे कनौजी ड्यूटी करने के बाद घर लौटे तो पत्नी नहीं मिली। पुत्रवधू ने भी जानकारी होने से इनकार किया। काफी देर तक पत्नी घर पर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई। तलाश के बाद भी जब कोई पता नहीं लगा तो गुमशुदगी दर्ज कराई गई। सोमवार की शाम कनौजीलाल को भतीजे सिपाहीराम ने फुलवासा का शव गांव मेरापुर छदामी के पास रजबहा में पड़ा होने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचह्य। शव शॉल की गठरी में बंधा हुआ था। वहीं करीब चार से पांच दिन पुराना होने की वजह से काफी फूल गया था। कपड़ों से शव की पहचान करने के बाद कनौजीलाल ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या व साक्ष्य छिपाए जाने से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या किए जाने की बात स्पष्ट हुई है।
पुलिस को करीबी पर हत्या का शक
फुलवासा के साथ कहीं किसी अपने ने ही धोखा किया है। इस बात को अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्या चार से पांच दिन पहले की गई है। जबकि महिला नौ जनवरी से लापता थी। 11 दिन में शव सड़ चुका होता, लेकिन हत्या चार से पांच दिन पहले ही की गई है शक किसी करीबी पर हो रहा है।
महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, परिजनों की ओर से लगाए जा रहे आरोप और तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जल्द ही घटनाक्रम का खुलासा करेगी।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी