कासगंज। होडलपुर गांव में ट्रिपल मर्डर के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग से ऐसी दहशत फैली कि ग्रामीण घरों में छिपने को विवश हो गए। हत्यारोपी जब फरार हो गए उसके बाद ही ग्रामीण घरों से निकले। प्रधान के परिवार में चीखपुकार मच गई। मौत की खबर सुनते ही परिवार के अन्य लोग भी एकत्रित होने लगे। हर जुबान पर हत्यारोपियों और पुलिस के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश था।
ग्रामीणों बताया कि करीब सात बजे होडलपुर बिजलीघर के पास से ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनाई दी तो लोग दहशत में आ गए। परिवार के लोगों की चीखपुकार सुनकर भी अन्य ग्रामीण मदद को नहीं आ पा रहे थे, क्योंकि आरोपी काफी संख्या में थे। करीब आधा घंटे तक वे लोग फायरिंग करते रहे।
हत्यारोपियों के घटनास्थल से फरार होने के काफी देर तक भी लोग डर के कारण घरों से नहीं निकले। जब ग्रामीण पूरी तरह से आश्वस्त हो गए कि आरोपी भाग चुके हैं उसके बाद ही लोग घरों से निकले। उधर प्रधान के परिवार में तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया। घटनास्थल की ओर परिवार के लोग और महिलाएं दौड़ पड़ीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जैसे तैसे पुलिस ने दो घायलों को चिकित्सालय तक पहुंचाया।