9एमएनपी-16-मृतक रक्षपाल का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
दन्नाहार। थाना क्षेत्र के गांव नगला छेड़ी मेें सोमवार की रात एक किसान हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह उसका शव गांव के बाहर एक बबूल के पेड़ पर अंगोछा के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने मामले में चार लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला छेड़ी निवासी किसान रक्षपाल सिंह (50) सोमवार की शाम घर से खेत पर जाने की बात कह कर निकले थे। देर रात जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे सूचना मिली कि घर से करीब एक किलोमीटर दूर गांव के बाहर रक्षपाल का शव बबूल के पेड़ पर अंगौछा के फंदे पर लटका है।
जानकारी होने के बाद परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पेड़ से उतरवाया। परिजनों की ओर से रंजिश के चलते गांव के नामजद लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने नामजद इंद्रपाल, रमेश, अक्षय और प्रवेश के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों के अनुसार आरोपी पक्ष की ओर से हत्या का एक मामला दर्ज कराया गया था। मामले में छह आरोपी थे, इसमें किसान भी आरोपित किया गया था। परिजनों का कहना था कि वह निर्दोष थे, छह माह का समय बीत चुका है। अभी तक मामले में पुलिस ने चार्जशीट भी दाखिल नहीं की है।
इसी बात की रंजिश को लेकर नामजद लोगों ने रक्षपाल के साथ मारपीट की, गला दबाकर हत्या करने के बाद शव पेड़ पर लटका दिया।
तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अभय नरायन राय, सीओ सिटी