मैनपुरी। जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के पद पर तैनात महिलाकर्मी का शव शनिवार शाम मोर्चरी के पास नाले में पड़ा मिला। दोपहर दो बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर के लिए निकली थीं, लेकिन जब घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने तलाश शुरू की। वहीं, परिजनों ने एक रिश्तेदार पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को जिला अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे से फुटेज मिला है , जिसमें एक व्यक्ति मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए घुसते और लौटते हुए दिखाई दिया है। वह महिला के घुसने के करीब 14 मिनट बाद ही दिखाई दिया था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय नीलम यादव जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के पद पर तैनात थीं। शनिवार को उनकी दिन में ड्यूटी थी। दोपहर करीब दो बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर के लिए निकल गई थीं।
तीन बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पहले जानकारी जिला अस्पताल में की। यहां भी उनके न मिलने पर पुलिस को सूचना देने के साथ ही तलाश शुरू की। कोतवाली पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर महिला की तलाश की तो नीलम का शव शाम करीब सात बजे जिला अस्पताल परिसर में मोर्चरी के पास एक सकरे नाले में पड़ा मिला।
कोतवाली पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही महिला का शव नाले से बाहर निकलवाया। इंमरजेंसी में मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जानकारी के बाद सीएमओ डॉक्टर एके पांडेय, प्रभारी सीएमएस डॉक्टर अशोक कुमार, डॉक्टर आरके सिंह के अलावा सीओ सिटी अभय नरायन राय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शव देखकर बेसुध हुए परिजन
वार्ड ब्वॉय नीलम की मौत के बाद शव देखकर परिजन बेसुध हो गए। बेटी आकांक्षा और बेटा कृष्णा के साथ ही पति रविंद्र सिंह का भी रो-रो कर बुरा हाल था। महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शव नाले में पड़ा था, वहीं एक चप्पल व फोन बाहर पड़ा था। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच में जुटी थी। वहीं अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है।
महिलाकर्मी का शव नाले में मिला है, पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत कैसे हुई। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। -ओमहरि वाजपेई, इंस्पेक्टर कोतवाली